संवाददाता@उमेश सिंह…..

सोशल मीडिया के माध्यम से एक युवती को अश्लील एवं आपत्तिजनक संदेश भेजना एक व्यवसायी को महंगा पड़ गया। पीड़िता की शिकायत पर थाना अनपरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया।
पुलिस को दी गई तहरीर में अनपरा निवासी युवती ने आरोप लगाया कि अनपरा बाजार निवासी व्यवसायी शंकर गर्ग फेसबुक मैसेंजर के जरिए उसे संदेश भेजकर एक दिन के लिए दो हजार रुपये नगद देने का प्रलोभन दिया और बाहर लंच पर चलने का प्रस्ताव रखते हुए अश्लील एवं अनुचित बातें कीं।पीड़िता के अनुसार आरोपी से उसका कोई पारिवारिक या व्यावसायिक संबंध नहीं है।
घटना से आहत युवती जब पड़ोसियों के साथ आरोपी से पूछताछ करने पहुंची तो वह कथित रूप से नशे की हालत में मिला और उसके साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी ने सार्वजनिक रूप से उसे अपमानित करने का भी प्रयास किया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना अनपरा पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी शंकर गर्ग पुत्र स्व. विनोद गर्ग, निवासी वार्ड नंबर-14 सोनारी गली, सब्जी मंडी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

प्रभारी निरीक्षक अनपरा प्रणय प्रसून श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़िता की शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की गई है। महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से जुड़े मामलों में पुलिस पूरी गंभीरता के साथ कार्रवाई कर रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने तथा किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।





