संवाददाता@वीरेंद्र यादव…..

एनटीपीसी के क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (उत्तर) एवं एनएसपीसीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिवाकर कौशिक का 11 एवं 12 जून को एनटीपीसी सिंगरौली परियोजना का दो दिवसीय दौरा सम्पन्न हुआ। इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रमुख प्रचालन गतिविधियों, अधोसंरचनात्मक विकास कार्यों, कर्मचारी कल्याण पहलों तथा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) कार्यक्रमों का अवलोकन किया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ संवाद स्थापित किया।
दौरे के दौरान श्री कौशिक ने परियोजना के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया, जिनमें स्टेज-III परियोजना क्षेत्र, एफजीडी क्षेत्र, यूनिट-1 नियंत्रण कक्ष तथा स्टेज-I कोल स्टैक यार्ड प्रमुख रहे। उन्होंने संयंत्र के संचालन, रखरखाव, पर्यावरणीय अनुपालन एवं क्षमता संवर्धन से संबंधित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा उत्कृष्ट प्रचालन मानकों को बनाए रखने पर बल दिया।

अपने प्रवास के दौरान उन्होंने नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) का भी भ्रमण किया, जहाँ वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न प्रचालन एवं समन्वयात्मक विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ। दोनों संगठनों के मध्य सहयोग एवं समन्वय को और सुदृढ़ करने की दिशा में सकारात्मक चर्चा की गई।
इसी क्रम में श्रीमती सीमा कौशिक, अध्यक्षा, उत्तरा क्लब, लखनऊ ने वनिता समाज, शक्तिनगर द्वारा संचालित वनिता रसोई, वात्सल्य क्रेच, टाइनी टॉट्स, बाल भवन एवं वेलफेयर शॉप का अवलोकन किया। उन्होंने इन संस्थानों द्वारा महिला एवं बाल कल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा वेलफेयर गतिविधियों से जुड़ी महिलाओं का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में संवेदनशीलता, आत्मनिर्भरता और सामुदायिक सहभागिता को सुदृढ़ करते हैं।

दौरे के दौरान श्री कौशिक ने परियोजना परिसर में नवस्थापित आईटी कॉन्फ्रेंस हॉल का उद्घाटन किया। इसके पश्चात उन्होंने एसएमसी के सदस्यों के साथ बैठक कर सुरक्षा एवं कार्यस्थल उत्कृष्टता से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यकारी संघ एवं यूनियन प्रतिनिधियों के साथ भी संवाद कर कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों एवं सुझावों पर विचार-विमर्श किया।
शाम को उन्होंने नव निर्मित ‘पृथ्वी भवन’ अतिथिगृह का उद्घाटन तथा स्टेडियम परिसर में स्थापित आधुनिक जिम का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के लिए गुणवत्तापूर्ण सुविधाओं का विकास संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल है तथा ये पहलें कार्यस्थल पर बेहतर जीवन-स्तर एवं स्वास्थ्य संस्कृति को बढ़ावा देंगी।
कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में श्री कौशिक ने आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बालिका सशक्तीकरण अभियान में शामिल बालिकाओं को साइकिलों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सशक्त समाज की आधारशिला है और यह पहल बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास एवं स्वावलंबन को भी बढ़ावा देगी।
इसके उपरांत कर्मचारी विकास केंद्र (ईडीसी) में आयोजित गर्ल एम्पावरमेंट मिशन (जीईएम)-2026 के सांस्कृतिक कार्यक्रम में उन्होंने सहभागिता की। बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह मंच बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं रचनात्मक प्रतिभा के विकास का उत्कृष्ट माध्यम है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए श्री कौशिक ने सपरिवार परियोजना परिसर स्थित अतिथिगृह में वृक्षारोपण भी किया तथा प्रकृति संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश दिया।
यह दौरा ई. प्रभाकर राव, परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक, एनटीपीसी सिंगरौली तथा ई. निर्मला, अध्यक्षा, वनिता समाज, श्री सी एच किशोर कुमार, महाप्रबंधक(प्रचालन एवं अनुरक्षण), रश्मि रंजन मोहंती, महाप्रबंधक(परियोजना) के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के सहयोग से सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
दौरे ने परियोजना की प्रचालन उत्कृष्टता, कर्मचारी कल्याण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सतत विकास के प्रति एनटीपीसी सिंगरौली की प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ़ किया।





