संवाददाता@विशाल टंडन……

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक/पूर्व जिलाध्यक्ष अविनाश कुशवाहा ने अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश सरकार और विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश की जनता लगातार ठगी और शोषण का शिकार हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग गरीब और आम उपभोक्ताओं के प्रति सख्त रवैया अपनाता है, लेकिन जनता की समस्याओं और सुरक्षा से जुड़े मामलों में उदासीन बना रहता है।उन्होंने कहा कि यदि किसी उपभोक्ता का बिजली बिल बकाया हो जाए तो विभाग तत्काल कनेक्शन काटने पहुंच जाता है और कई मामलों में एफआईआर तक दर्ज कराता है।
वहीं दूसरी ओर जर्जर तारों, टूटे खंभों, लटकती विद्युत लाइनों और खराब विद्युत व्यवस्था की शिकायतों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती। हल्की आंधी और बारिश में ही बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो जाती है, जिससे लोगों को कई दिनों तक बिजली संकट का सामना करना पड़ता है। इसका असर आम जनता की रोजी-रोटी, बच्चों की पढ़ाई, व्यापार और स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ता है।

अविनाश कुशवाहा ने कहा कि विभाग और ठेकेदारों की मिलीभगत से मानकविहीन कार्य कराए जा रहे हैं। कई स्थानों पर विद्युत खंभों को निर्धारित मानकों के विपरीत सीधे मिट्टी में गाड़ दिया जाता है, जिसके कारण वे बारिश और तेज हवाओं में गिर जाते हैं। उन्होंने ऊर्जा मंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बिजली बिल बढ़ोतरी और विद्युत संकट जैसे मुद्दों पर सरकार और विभाग के बीच जवाबदेही का अभाव दिखाई देता है।

उन्होंने विद्युत विभाग में कार्यरत संविदा कर्मियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आए दिन लाइनमैन और अन्य कर्मचारी दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवा रहे हैं। 25 मई 2026 को कोन क्षेत्र के संविदा लाइनमैन विनोद कुमार पुत्र सुरेश शाह की करंट लगने से मृत्यु हो गई। आरोप है कि लाइन बंद होने की सूचना के बावजूद बिजली आपूर्ति चालू कर दी गई थी।
श्री कुशवाहा ने बताया कि 6 जून 2026 को ग्रामसभा पड़रच्छ के ग्रामीणों ने समाधान दिवस में लटक रहे 11 हजार वोल्ट के तार की शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। परिणामस्वरूप 9 जून को 15 वर्षीय संदीप पुत्र रामआसरे की करंट लगने से मौत हो गई।
जनदबाव के बाद संबंधित अधिकारियों और एसडीओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।उन्होंने बघेली, शाहगंज और गंगाजल गांवों में हुई विद्युत दुर्घटनाओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि जिले में विभागीय लापरवाही लगातार लोगों की जान ले रही है।
उन्होंने मांग की कि जर्जर तारों और खंभों की तत्काल जांच कर मरम्मत कराई जाए तथा भविष्य में किसी भी दुर्घटना की स्थिति में जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी जनता के हर संघर्ष में उसके साथ खड़ी रहेगी।





