संवाददाता@उमेश सिंह…..

अनपरा थाना क्षेत्र के कुलडोमरी ग्राम पंचायत अंतर्गत सिदहवां गांव में एक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई,वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नीलम देवी (40 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय कामेश्वर, निवासी सिदहवां, कुलडोमरी ने अपने घर के एक कमरे में बड़ेर से दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य घर के बाहर थे। काफी देर तक महिला के बाहर नहीं आने पर परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो वह फंदे से लटकी हुई मिलीं।

यह दृश्य देखकर परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई।घटना की सूचना आसपास के लोगों को दी गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों के अनुसार मृतका के पति कामेश्वर का पहले ही निधन हो चुका है।पति की मृत्यु के बाद नीलम देवी अपने तीन बच्चों के साथ जीवनयापन कर रही थीं। महिला के इस कदम से तीनों बच्चों के सिर से मां का साया भी उठ गया है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अनपरा थाना प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव ने बताया कि महिला का शव कब्जे में लेकर मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।





