Last Updated:
Chitrakoot News: चित्रकूट में पिछले महीने आई बाढ़ से तुलसी वॉटरफॉल क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके बाद इसे पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया था. अब वन विभाग इसे दोबारा खोलने और नई व्यवस्थाएं लागू करने की तैयारी कर रहा है.
चित्रकूट: जिले में पिछले महीने आई बाढ़ ने जहां हजारों लोगों के जनजीवन को प्रभावित किया था, वहीं जिले के पर्यटन स्थलों को भी काफी नुकसान पहुंचाया है. बाढ़ के पानी ने कई पर्यटन स्थलों की व्यवस्थाओं को प्रभावित किया. इन्हीं में से एक है मानिकपुर पाठा क्षेत्र के टिकरिया के पास स्थित तुलसी वॉटरफॉल, जहां बाढ़ के बाद सुरक्षा को देखते हुए इस पर्यटन स्थल को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया था. अब विभाग की ओर से इसे दोबारा पर्यटकों के लिए खोलने की तैयारी की जा रही है.
आपको बता दें कि तुलसी वॉटरफॉल चित्रकूट के प्रमुख प्राकृतिक पर्यटन स्थलों में शामिल है. यहां बारिश के मौसम में गिरता झरना देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं. आसपास के जिलों के अलावा दूसरे राज्यों से भी लोग यहां प्राकृतिक नजारे देखने आते हैं. लेकिन पिछले महीने आई तेज बाढ़ ने वॉटरफॉल परिसर में बनी कई व्यवस्थाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया था.
रेलिंग और बैठने की जगह बैठी
बाढ़ का पानी इतना तेज था कि वॉटरफॉल परिसर में पर्यटकों की सुरक्षा के लिए लगाई गई रेलिंग और बैठने के लिए बनाई गई जगहों को भी नुकसान पहुंचा है. इसके बाद वन विभाग ने एहतियात के तौर पर यहां पर्यटकों की आवाजाही पर रोक लगा दी और परिसर में ताला लगा दिया गया था. अब वन विभाग की ओर से वॉटरफॉल को दोबारा विकसित करने की तैयारी की जा रही है.
चित्रकूट के डीएफओ प्रत्यूष कुमार कटियार ने लोकल 18 को जानकारी में बताया कि हाल ही में आई बाढ़ में तुलसी वॉटरफॉल को काफी नुकसान पहुंचाया है. पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल इसे बंद किया गया है. लगातार बारिश के कारण अभी मरम्मत और विकास कार्य शुरू नहीं हो पा रहे हैं.
एक महीने में पर्यटकों के लिए खुलेगा वॉटरफॉल
बारिश बंद होते ही सुरक्षा से जुड़े उपकरणों को दुरुस्त करने के साथ पर्यटकों के बैठने की व्यवस्था को भी बेहतर किया जाएगा. इसके अलावा यहां टिकट काउंटर और कैंटीन शुरू करने की भी योजना बना ली गई है. उनका मानना है कि अगले एक महीने में पूरा काम कंप्लीट करके इसको फिर से पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा. उन्होंने आगे की जानकारी में बताया कि जब तुलसी वॉटरफॉल पर्यटकों के लिए खुला था, तब यहां दिल्ली, कानपुर, प्रयागराज और मध्य प्रदेश के कई क्षेत्रों से लोग पहुंचते थे.
About the Author

आर्यन सेठ, News18 Hindi में डिजिटल डेस्क पर जुड़े हैं और जनवरी 2026 से उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध, प्रशासन, वायरल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर खबरें लिखते हैं. जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ली से साल 2024 में…
और पढ़ें
