संवाददाता@संदीप अग्रहरी……
— इस दौरान राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़, एसटी एससी आयोग के उपाध्यक्ष, भाजपा जिलाध्यक्ष समेत अन्य भी जमीन पर बैठे दिखे

म्योरपुर विकास खंड क्षेत्र के ग्राम कुदरी में शनिवार को जन चौपाल एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित विशेष शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ उपस्थित रहे, साथ ही अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त जीत सिंह खरवार, जिलाधिकारी चर्चित गौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष नंद लाल गुप्ता, उप जिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जन चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, आवास, भूमि विवाद तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

ग्राम कुदरी निवासी रामसिंह ने चीट फंड कंपनी द्वारा लोगों का पैसा लेकर फरार होने तथा गांव के एक व्यक्ति की कथित भूमिका का मामला उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने म्योरपुर थानाध्यक्ष को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष द्वारा दुद्धी कोतवाली में पहले से मुकदमा दर्ज होने की जानकारी देने पर जिलाधिकारी ने संबंधित व्यक्ति का नाम उसी मुकदमे में शामिल कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इसके अतिरिक्त ग्रामीणों ने हर घर नल योजना के तहत पानी की आपूर्ति न होने, पशु शेड निर्माण, भूमि विवाद, गैस कनेक्शन, किसान सम्मान निधि तथा प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित समस्याएं भी उठाईं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जन चौपाल में पहुंचे अतिथियों का आदिवासी परंपरा के अनुसार तीर-धनुष एवं आदिवासी टोपी पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर तीन गर्भवती महिलाओं की गोद भराई तथा तीन बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया। राज्यमंत्री जीत सिंह खरवार, जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं अन्य अतिथियों ने बच्चों को गोद में लेकर उन्हें आशीर्वाद और स्नेह प्रदान किया।
अधिकारियों ने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया।

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष मनोज मिश्र, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य चांद प्रकाश जैन, ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गोंड, दुद्धी नगर पंचायत चेयरमैन कमलेश मोहन, जिला पंचायत सदस्य सुषमा सिंह, मोहरलाल खरवार ,एसडीएम निखिल यादव, मोहरलाल खरवार, पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश राय, विकासखंड अधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा ,खंड विकास अधिकारी अजय कुमार सिंह ,सुजीत सिंह, थानाध्यक्ष रविकांत मिश्रा, मनोज सिंह , ग्राम प्रधान कुदरी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।





