संवाददाता@मोहम्मद इब्राहिम……

दुद्धी में आज सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, सम्पूर्ण समाधान दिवस दुद्धी में जिलाधिकारी चर्चित गौड़, अपर पुलिस अधीक्षक ऋषभ रुणवाल (आपरेशन) द्वारा शिकायतकर्ताओं की शिकायतों को सुना गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवाद से सम्बन्धित प्राप्त हुए, मामलों को स्थलीय स्थिति की जॉच करते हुए टीम द्वारा प्रकरणों की स्थलीय जॉच कर निस्तारण कराने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारी को दिये।
इस दौरान 101 जनशिकायती पत्रों में एक मामले का त्वरित निस्तारण कीया गया।शेष मामलों सूचीबद्ध तरीके से तय समय के अंदर संबंधितों को निस्तारित करने का निर्देश जिलाधिकारी ने दिया।इस दौरान जनपद में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान भाजपा मण्डल अध्यक्ष दीपक शाह द्वारा जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के समक्ष एक शिकायत प्रस्तुत की गई। शिकायत में अवगत कराया गया कि एक राजस्व निरीक्षक का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हो रहा है, तथा संबंधित के विरुद्ध अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

जिलाधिकारी शिकायत को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल मामले का संज्ञान लिया। प्रथम दृष्टया उपलब्ध तथ्यों के आधार पर सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान ही राजस्व निरीक्षक अखिलेश कुमार शुक्ला को जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए तथा प्रकरण की विस्तृत जांच के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनपद में भ्रष्टाचार, अनियमितता एवं कर्तव्यों के प्रति लापरवाही किसी भी दशा में स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन स्थापित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध भ्रष्टाचार अथवा अनुचित आचरण की शिकायत प्राप्त होती है और जांच में आरोप सत्य पाए जाते हैं, तो संबंधित के विरुद्ध कठोर एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने तात्कालिक प्रभाव से डॉ० पल्लवी सिन्हा, महिला चिकित्साधिकारी सामु0स्वा०केन्द्र, म्योरपुर को सप्ताह में दो दिन के लिए सामु0स्वा०केन्द्र, दुद्धी पर कार्य करने हेतु आदेशित किया जाता है।

इस दौरान जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं का फीडबैक लेते हुए शिकायतों का निस्तारण किया जाये, जिससे कि शिकायतकर्ता को किसी प्रकार की समस्या न हो और उनके प्रकरण का निस्तारण समय से किया जा सके। उन्होने कहा कि प्रत्येक प्रकरण को गम्भीरता से लेकर जॉच कर निस्तारण आख्या प्रस्तुत की जाये। साथ ही उन्होंने तहसील से जुड़े आईजीआरएस पोर्टल के निस्तारण की धीमी प्रक्रिया पर नाराजगी जाहिर करते हुए आगामी तीन से चार दिनों में 90 फीसदी तक मामलों को निस्तारित करने का निर्देश उपजिलाधिकारी को दिया।
उन्होंने ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यदि निस्तारण के गंभीरता नहीं बरती गई तो संबंधित लेखपालो सहित अन्य का वेतन रोक दिया जाएगा।उन्होंने दुद्धी तहसील क्षेत्र में दैवीय आपदा के मामलों को कंट्रोल करने के उद्देश्य से गाँव –गांव में पोस्टर के माध्यम से जागरूकता फैलाने के भी निर्देश दिए।
फरियादियो की उमड़ी भीड़ : जिलाधिकारी के सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रथम आगमन पर क्षेत्र के फरियादियों की भीड़ शनिवार को उमड़ पड़ी थी।सभागार भीड़ से भरा हुआ था ,लोगो को उम्मीद थी कि उनके मामलों का निस्तारण आज हो जाएगा।जिलाधिकारी ने फरियादियों की भीड़ देख माइक से एलाउंस किया कि समय जो भी लगेगा पंक्ति के अंतिम व्यक्ति की समस्या सुनने के बाद ही जाऊंगा।इस तरह करीब साढ़े तीन बजे तक फरियादियों की समस्याएं सुनी।
सभासदों ने कस्बा लेखपाल को हटाने की मांग की: आदर्श नगर पंचायत के अधिकांश सभासदों ने शनिवार को दुद्धी कस्बा के लेखपाल पर अनियमितता का आरोप लगाते हुए कस्बा दुद्धी से अन्यत्र तबादला करने से संबंधित शिकायती पत्र जिलाधिकारी को दिया।संबंधित लेखपाल के विरुद्ध करीब चार शिकायती पत्र दिए गए।इस दौरान उप जिलाधिकारी निखिल यादव, डीडीओ हेमंत सिंह,डीपीआरओ नमिता शरण,डीआईओएस जयराम सिंह एसीएमओ डॉ गुलाब शंकर डीएफओ कमल कुमार,पुलिस उपाधीक्षक राजेश कुमार राय,डीएसओ ध्रुव कुमार,तसीलदार अंजनी कुमार ,बीडीओ राम विशाल चौरसिया ,दिनेश मिश्रा सहित संबंधित विभाग के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे





