संवाददाता@विशाल टंडन…..

रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत रॉबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग स्थित ग्राम पंचायत जैत में खेत पर लगा सोलर पैनल चोरी होने का मामला सामने आया है, जिससे किसान की खेती प्रभावित हो गई है।जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत जैत निवासी शिवेंद्र प्रताप सिंह ने अपने खेत में सिंचाई और खेती कार्य के लिए सोलर पैनल लगवाया था। उन्होंने बताया कि मई माह में आई तेज आंधी के कारण खेत पर लगे छह सोलर पैनल गिर गए थे, जिनमें से तीन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे।

इसकी सूचना संबंधित कंपनी को दे दी गई थी और कंपनी द्वारा जल्द ही नए पैनल लगाने का आश्वासन दिया गया था। शुक्रवार रात खेत पर लगे शेष तीन सही पैनलों में से एक पैनल अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया। शनिवार सुबह खेत पहुंचने पर शिवेंद्र प्रताप सिंह को पैनल गायब मिला। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को जानकारी दी तथा डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। किसान ने बताया कि पहले से ही तीन पैनल खराब होने के कारण परेशानी थी, वहीं अब एक और पैनल चोरी हो जाने से खेती और सिंचाई का कार्य बाधित हो गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।





