@जे0 के0….

Sonbhadra। चोपन थाना क्षेत्र के कोटा ग्राम पंचायत स्थित नवटोलिया टोला में शनिवार भोर एक 14 वर्षीय किशोरी का शव घर के बाहर टीनशेड के ओसारे में लोहे के पाइप से नायलॉन की रस्सी के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नवटोलिया निवासी मनोज केवट की पुत्री प्रियंका कुमारी (14) का शव शनिवार सुबह करीब साढ़े चार बजे घर के बाहर फंदे से लटका मिला। परिजनों ने शव को देखते ही रस्सी काटकर उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 और चोपन पुलिस को दी गई।
मृतका के पिता मनोज केवट ने बताया कि शुक्रवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद घर के अंदर सोए हुए थे।

भोर करीब तीन बजे उनकी नींद खुली थी, तब सब कुछ सामान्य था। इसके बाद वह पुनः सो गए। करीब साढ़े चार बजे पड़ोसियों के शोर मचाने पर उन्हें घटना की जानकारी हुई। उन्होंने बताया कि प्रियंका इस वर्ष कक्षा आठवीं उत्तीर्ण हुई थी और परिवार में किसी प्रकार का विवाद भी नहीं था। ऐसे में घटना के कारणों को लेकर परिवार के लोग भी असमंजस में हैं।

घटना की सूचना मिलने पर ग्राम प्रधान प्रल्हाद चेरो मौके पर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की। वहीं उपनिरीक्षक विनोद यादव पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किशोरी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।





