मुख्यालय संवाददाता@विशाल टंडन..

राजपुर गांव में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर स्थापित राधा-कृष्ण की प्रतिमाओं का रविवार को विधि-विधान से विसर्जन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने गाजे-बाजे के साथ प्रतिमाओं की शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और पूरे गांव में धार्मिक माहौल बना रहा।

जन्माष्टमी के अवसर पर राजपुर में राधा-कृष्ण की प्रतिमा स्थापित कर पूजन-अर्चन किया गया था। इसके साथ ही ग्रामीणों के सहयोग से विरहा कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मुन्ना सोनकर ने की। विरहा कार्यक्रम में गायिका रजनीगंधा और गायक राजदेव पाल ने अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का मनोरंजन किया। देर रात तक चले कार्यक्रम में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।

जन्माष्टमी उत्सव के समापन के बाद रविवार को राधा-कृष्ण की प्रतिमाओं को फूल-मालाओं से सजाकर गाजे-बाजे के साथ गांव में भ्रमण कराया गया। इस दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए।

शोभायात्रा के दौरान ग्रामीणों को प्रसाद भी वितरित किया गया। गांव का भ्रमण पूरा होने के बाद श्रद्धालु प्रतिमाओं को लेकर राजपुर स्थित अमृत सरोवर पहुंचे, जहां पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।

इस अवसर पर गांव के विनोद, सूरज, अजय, सुरेश, कमलेश, विद्यासागर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में जन्माष्टमी उत्सव का समापन किया।

