संवाददाता@मोहम्मद इब्राहिम….

दुद्धी पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो पिकअप वाहन को पकड़कर उसमें लदे 7 पशुओं को मुक्त कराया। वाहन में 4 भैंस और 3 पड़वा क्रूरतापूर्वक बांधकर ले जाए जा रहे थे। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 2/3 जून 2026 की रात उपनिरीक्षक आयुषतोष सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश एवं चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान एक मुखबिर ने सूचना दी कि बोलेरो पिकअप संख्या UP67BT8575 में कुछ भैंसों और पड़वों को लादकर झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने पेट्रोल पंप के पास निगरानी शुरू की।

पुलिस को देखकर वाहन चालक एवं उसके साथी वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। तलाशी लेने पर वाहन में 4 भैंस और 3 पड़वा मिले, जिनके मुंह और पैर रस्सियों से कसकर बांधे गए थे। पशुओं को अत्यंत कम जगह में ठूंसकर रखा गया था, जिससे वे भूख-प्यास और घुटन से परेशान दिखाई दिए।
पुलिस ने सभी पशुओं को वाहन से उतारकर रस्सियों से मुक्त कराया तथा उनके चारे-पानी की व्यवस्था कराई। मौके पर पशुओं का निरीक्षण कर उनकी स्थिति का विवरण तैयार किया गया।
इस मामले में अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं वाहन संख्या UP67BT8575 का ई-चालान करते हुए मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। एस एस आई संजय सिंह व चौकी इंचार्ज आशुतोष सिंह व पुलिस बल फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।





