Congress PM Residence Protest: कांग्रेस के नेता मंगलवार को पुलिस को सरप्राइज देकर पीएम आवास तक पहुंच गए और धरने पर बैठ गए। सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी की अपील पर संसद मार्च सच में संसद तक पहुंच गया था।
Congress PM Residence Protest: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रहे पेपर लीक विरोधी आंदोलन के दौरान भारी सुरक्षा इंतजाम के बावजूद दिल्ली पुलिस को लगातार दूसरे दिन भी सरप्राइज मिल गया। सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी का मार्च संसद भवन के पास तक पहुंच गया था तो मंगलवार को कांग्रेस के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास तक पहुंच गए और फिर धरने पर बैठ गए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत पार्टी के नेताओं ने पीएम आवास 7 लोक कल्याण मार्ग के बाहर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा और छात्रों के लिए न्याय के नारे लगाए। लगभग तीन घंटे बाद पीएम आवास का गेट खाली करवाना शुरू हुआ। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर प्रधानमंत्री आवास के बाहर से हटा दिया है।
केंद्र सरकार ने बुधवार को संसद में इस मसले पर ही चर्चा का प्रस्ताव लेकर केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह को धरना स्थल पर भेजा था, लेकिन कांग्रेस ने इसे ठुकरा दिया। कांग्रेस ने कहा कि वह सिर्फ बहस नहीं, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा और छात्र-छात्राओं के लिए न्याय चाहती है। इसके बाद जितेंद्र सिंह ने कहा कि राहुल अपनी ही बात से पलट गए हैं और अब बहस के बदले मंत्री का इस्तीफा मांग रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नीट से जुड़े आंदोलन पर सदन में चर्चा के लिए सरकार तैयार है।
इससे पहले मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर जुटे कांग्रेस के नेता पैदल ही पीएम आवास तक पहुंच गए थे। खरगे के सरकारी आवास 10 राजाजी मार्ग से पीएम आवास 7 लोक कल्याण मार्ग नजदीक है। कांग्रेसियों ने पुलिस इंतजाम को सरप्राइज पैदल मार्च से संभलने का मौका नहीं दिया और पीएम हाउस तक पहुंचने में सफल रहे। पुलिस ने उसी समय चरणजीत सिंह चन्नी समेत बहुत नेताओं को हिरासत में ले लिया था, लेकिन कांग्रेसियों की संख्या ज्यादा रहने की वजह से खरगे, राहुल, प्रियंका समेत कई नेता धरना पर कुछ देर बैठने में कायमाब हो गए। कांग्रेस के सरप्राइज प्रदर्शन को पीएम आवास की सुरक्षा में एक गंभीर चूक माना जा रहा है। सरकार ने इसे स्थापित राजनीतिक परंपराओं के गंभीर उल्लंघन के तौर पर लिया है।
कांग्रेस ने पीएम आवास के बाहर रात भर धरना देने का मन बना रखा था, लेकिन पुलिस ने जगह को खाली करवा लिया है। पार्टी के नेता जयराम रमेश ने कांग्रेस की तैयारियों का संकेत देते हुए कहा था कि यह धरना रात भर चलेगा। राहुल गांधी ने खुद ट्वीट करके छात्र-छात्राओं को न्याय दिलाने के लिए देश के लोगों से प्रधानमंत्री आवास पर कांग्रेस के धरना में शामिल होने की खुली अपील कर दी थी। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा है कि पार्टी के नेता फिर वहां जाकर बैठेंगे।
सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी की अपील पर जंतर-मंतर पर जुटे हजारों स्टूडेंट्स ने पुलिस की तगड़ी व्यवस्था के बीच संसद भवन के ठीक सामने वाले गोलंबर तक पहुंचने में कामयाबी पाई थी। वहां आंसू गैस और लाठी का इस्तेमाल करके प्रदर्शनकारियों को पीछे खदेड़ा गया। मार्च को लेकर पुलिस की व्यापक तैयारियां जंतर-मंतर से संसद भवन तक जाने वाली सीधी सड़कों पर केंद्रित रही, जिस वजह से आंदोलनकारी उन रास्तों से संसद के पास तक पहुंच गए, जिन सड़कों पर अपेक्षाकृत कम तैयारी थी। लेकिन, जब पुलिस को लोगों के दूसरी सड़कों से संसद तक पहुंचकर सरप्राइज देने का अंदेशा हो गया तो उन रास्तों को भी सख्ती दिखाकर बंद कर दिया गया।
सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कॉकरोच जनता पार्टी के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका से मुलाकात की थी। जंतर-मंतर पर सरकार से उस वार्ता में अपडेट का इंतजार हो रहा है। कल रात जंतर-मंतर का मंच पुलिस ने हटा दिया था, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने देर रात उसे फिर भर दिया है। पार्टी के नेता अभिजीत दीपके ने पुलिस एक्शन की आशंका को देखते हुए फिर से संसद मार्च करने से मना कर दिया है, लेकिन आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है। उधर, दिल्ली हाईकोर्ट ने पत्नी की याचिका पर 24 दिन से अनशन कर रहे सोनम वांगचुक को सफदरजंग से मेदांता अस्पताल ले जाने की मंजूरी दे दी है।







