संवाददाता@संदीप अग्रहरी…..

म्योरपुर विकासखंड के गोविंदपुर स्थित बनवासी सेवा आश्रम द्वारा संचालित शिक्षा निकेतन एवं जीवन शाला में इन दिनों छात्रों के अभिव्यक्ति कौशल के विकास के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय रंगमंच, मुंबई से जुड़े रंगकर्मी अजहर बच्चों को बोलने की कला, नाटक और भाषण की बारीकियां सिखा रहे हैं।
प्रशिक्षण के दौरान अजहर छात्रों को मंच पर आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने, संवाद अदायगी, हाव-भाव तथा शारीरिक भाषा के महत्व से अवगत करा रहे हैं। साथ ही नाट्य अभ्यास के माध्यम से बच्चों की झिझक दूर कर उन्हें रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

छात्राओं गीता, परी और साक्षी ने बताया कि कार्यक्रम से पहले वे लोगों के सामने अपनी बात रखने में झिझक महसूस करती थीं, लेकिन अब वे बिना किसी संकोच के अपने विचार व्यक्त कर पा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण से उनका आत्मविश्वास काफी बढ़ा है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या इंदु सिंह तथा शिक्षक विजय और नेहा का मानना है कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्रों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे बच्चों में संप्रेषण कौशल विकसित होगा और वे भविष्य में बेहतर वक्ता एवं नेतृत्वकर्ता बन सकेंगे।
आश्रम से जुड़े सुरेश ने बताया कि आगे भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने तथा नए अवसर प्राप्त करने का मंच मिल सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का छात्रों पर सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। बच्चे अब खुलकर अपनी बात रख रहे हैं और उनमें समूह में कार्य करने की क्षमता भी विकसित हो रही है।





