संवाददाता@अमिताभ मिश्रा…..

रेणुकूट चौकी क्षेत्र के मुख्य बाजार स्थित हिंडाल्को पेट्रोल पंप के समीप सोमवार को एक युवक का शव उसके किराए के कमरे में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकलवाया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, सुरेश वर्मा (27 वर्ष) पुत्र महेंद्र वर्मा, मूल रूप से भदौरा, जनपद गाजीपुर का निवासी था। वह रेणुकूट में किराए के मकान में अकेले रहकर हिंडाल्को में कार्यरत था। सोमवार सुबह परिजनों ने उससे कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन रिसीव नहीं हुआ। लगातार संपर्क न होने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।

इसके बाद परिजनों ने सिंगरौली में रहने वाले अपने एक रिश्तेदार को सुरेश के कमरे पर भेजा। रिश्तेदार जब वहां पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पिपरी थाना प्रभारी राजेश चौबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए।
सुरेश का शव कमरे में पंखे के सहारे फंदे से लटका हुआ था। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को हिंडाल्को अस्पताल स्थित मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है और उनके रेणुकूट पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।
चौकी प्रभारी जितेंद्र सरोज ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।





