Last Updated:
‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर 80 करोड़ का आंकड़ा पार कर हर किसी को चौंका दिया है. इस सफलता के बीच डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी का पुराना दर्द छलक पड़ा. उन्होंने खुलासा किया कि जब वह इस फिल्म को लेकर एक बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म के पास गए थे, तो उनके साथ बेहद अपमानजनक व्यवहार किया गया था. साथ ही उन्होंने फिल्म को भी रिजेक्ट कर दिया था. विशाल का कहना है कि आज दर्शकों के प्यार ने उस रिजेक्शन का मुंहतोड़ जवाब दे दिया है.
‘हनुमान अंश’ के डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने बताया रिजेक्शन का बुरा अनुभव.
नई दिल्ली. नीम करोली बाबा पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच रही है. हैरानी की बात है कि जिस फिल्म को शुरुआत में किसी ने तवज्जो नहीं दी थी, उसने 80 करोड़ का आंकड़ा पार करके हर किसी को हैरान कर दिया है. आज भले ही हर तरफ डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी की तारीफें हो रही हों, लेकिन एक वक्त ऐसा भी था जब उन्हें अपनी इस कहानी के लिए एक ओटीटी प्लेटफॉर्म ने अपमानित किया था.
फिल्म को रिजेक्ट करने के साथ ही अपमान किया
विशाल चतुर्वेदी ने उस बुरे अनुभव को याद करते हुए बताया कि ओटीटी प्लेटफॉर्म ने उनकी फिल्म को तो रिजेक्ट किया ही, लेकिन जिस अंदाज में मना किया, वो बेहद अपमानजनक और नीचा दिखाने वाला था. उन्होंने कहा कि एक फिल्ममेकर होने के नाते रिजेक्शन उनके लिए कोई नई बात नहीं है, लेकिन ना कहने की भी एक तहजीब होती है.
मानसिकता को तोड़ना बहुत जरूरी है
डायरेक्टर के मुताबिक, ‘मुझे लगा जिस तरह उन्होंने रिजेक्ट किया और जिस भाषा का प्रयोग किया, वह थोड़ी अपमानजनक थी. उनके बात करने के तरीके से साफ लग रहा था कि उनके दिमाग में एक खास तरह की सोच और नैरेटिव बैठा हुआ है. उस वक्त मुझे गहराई से महसूस हुआ कि इस मानसिकता को तोड़ना अब बहुत जरूरी हो गया है. हम मेकर्स हैं, हजार बार रिजेक्ट होते हैं. आमतौर पर अगर किसी को कहानी समझ नहीं आती तो वह सलीके से कह देता है कि कहानी अच्छी है, पर हम इसे बाद में करेंगे, लेकिन वहां बात कुछ और ही थी.’
80 करोड़ के पार हुई ‘हनुमान अंश’ की कमाई
7 अगस्त को जब फिल्म ‘हनुमान अंश’ थिएटर्स में लगी, तो इसकी शुरुआत बेहद ठंडी रही थी. पहले दिन फिल्म महज 10 लाख का बिजनेस ही कर पाई. कलेक्शन का यह सुस्त सिलसिला आगे भी जारी रहा, जहां फिल्म ने अपने पहले हफ्ते में करीब 1.80 करोड़ कमाए और दूसरे हफ्ते में तो यह आंकड़ा सिमटकर सिर्फ 40 लाख पर आ गया, लेकिन तीसरे हफ्ते में बाजी पलट गई. देखते ही देखते थिएटर्स में भीड़ बढ़ने लगी और शोज हाउसफुल होने लगे. 29 दिनों में ‘हनुमान अंश’ भारत में 82.88 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है.
About the Author

कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
और पढ़ें

