Last Updated:
भारत के लिए फ्रेंच ओपन से अच्छी खबर आई है. सोमवार को श्रीराम बालाजी ने अपने ब्राजील के जोड़ी दार मार्सेलो डेमोलिनर के साथ मिलकर टूर्नामेंट की छठी सीड जोड़ी को हराकर उलटफेर किया. केविन क्राविएट्ज और टिम पुएट्ज को 7-5, 6-4 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई.
बालाजी का फ्रेंच ओपन में उलटफेर, जोड़ीदार के साथ क्वार्टर फाइनल में पहुंचे
नई दिल्ली. भारत के एन. श्रीराम बालाजी ने अपने ब्राजील के जोड़ीदार मार्सेलो डेमोलिनर के साथ मिलकर फ्रेंच ओपन के डबल्स क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली. इस जोड़ी ने अपने शानदार फॉर्म जारी रखते हुए सोमवार को छठी वरीयता प्राप्त जर्मन जोड़ी को हराकर बाहर किया. केविन क्राविएट्ज और टिम पुएट्ज के खिलाफ बालाजी और डेमोलिनर ने डेढ घंटे चले संघर्ष के बाद जीत दर्ज की.
इंडो-ब्राजीलियन जोड़ी ने रोलां गैरो के क्ले कोर्ट पर एक घंटे 25 मिनट में 7-5, 6-4 से जीत दर्ज की. यह टूर्नामेंट में उनकी लगातार तीसरी जीत थी. अब बालाजी और डेमोलिनर सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए फिनलैंड के हैरी हेलियोवारा और ब्रिटेन के हेनरी पैटन की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी से भिड़ेंगे. इससे पहले उन्होंने जर्मनी के जैकब श्नाइटर और मार्क वाल्नर को दूसरे दौर में 7-5, 6-2 से हराकर अंतिम 16 में जगह बनाई थी. इस मैच में जोड़ी ने सिर्फ एक घंटे 27 मिनट में जीत हासिल की थी.
एक तरफ जहां बालाजी ने फैंस को अच्छी खबर दी वहीं युकी भांबरी और न्यूजीलैंड के माइकल वेनस को हारकर बाहर होना पड़ा. इंडो-न्यूजीलैंड जोड़ी को दूसरे दौर में इटली के अनुभवी सिमोन बोलेली और एंड्रिया वावासोरी के खिलाफ 3-6, 4-6 से हार का सामना करना पड़ा. भांबरी और वेनस ने पहले दौर में अर्जेंटीना के फ्रांसिस्को सेरुंडोलो और मारियानो केस्टेलबोइम को 7-5, 6-2 से हराया था. भांबरी टूर्नामेंट में मिश्रित युगल में अपनी साथी अलेक्जेंड्रा पानोवा के साथ आगे बढ़ते हुए अभी भी प्रतियोगिता में बने हुए हैं.
जूनियर इवेंट्स में अर्नव पापरकर ने चीनी ताइपे के 15वीं वरीयता प्राप्त कुआन-शो चेन को 6-2, 6-4 से हराकर बॉयज सिंगल्स के अंतिम 16 में जगह बना ली है. पापरकर बॉयज डबल्स में भी थाईलैंड के कुनानन पंतारातोर्न के साथ ब्रिटेन के मार्क सेबान और रूस के किरिल फिलारेतोव के खिलाफ उतरेंगे. वहीं, माया राजेश्वरन रेवती को गर्ल्स सिंगल्स के दूसरे दौर में आठवीं वरीयता प्राप्त रूस की मारिया मकारोवा से भिड़ना था, जिससे रोलां गैरो में भारतीय खिलाड़ियों की दिलचस्पी कई ड्रॉ में बनी हुई है.
About the Author

विप्लव कुमार 2022 से न्यूज18 के साथ काम कर रहे हैं. रीडर्स के लिए दिन की शुरुआत अच्छी हो इसकी खास जिम्मेदारी उनके कंधे पर होती है. सुबह की शिफ्ट में आकर पिछले दिन हुई रोचक घटना से लेकर पूरे दिन होने वाली गतिविध…और पढ़ें






