संवाददाता@विशाल टंडन…

जनपद सोनभद्र के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में ईदउल अजहा (बकरीद) का पर्व अकीदत, पाकीजगी और भाईचारे के साथ मनाया गया। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। रॉबर्ट्सगंज नगर स्थित ईदगाह में सुबह 7:30 बजे जामा मस्जिद के इमाम मौलाना तौफीक अहमद ने ईद की नमाज अदा कराई।
नमाज के बाद अपने संबोधन में मौलाना तौफीक अहमद ने कहा कि कुर्बानी दीन की शान है। अल्लाह ताला ने अपने खलील हजरत इब्राहिम अलैहिस्सलाम की आजमाइश के लिए उनसे सबसे महबूब चीज की कुर्बानी तलब की थी। उन्होंने अपने इकलौते बेटे हजरत इस्माइल की कुर्बानी पेश करने का इरादा किया, जिससे अल्लाह ताला बेहद खुश हुए और हजरत इस्माइल की जगह एक दुंबे की कुर्बानी कबूल फरमाई।

इसी अजीम वाकये की याद में हर साल ईद-उल-अजहा मनाई जाती है।ईदगाह में नमाज की व्यवस्था सदर मुस्ताक अहमद द्वारा कराई गई। नमाजियों की व्यवस्था में प्यारे भाई, अजहर खान, हिदायत खां, सिराजुद्दीन खां, लल्लू भाई सहित अन्य लोग सक्रिय रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा भी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ रॉबर्ट्सगंज ईदगाह पहुंचे और मुस्लिम समुदाय के लोगों को बकरीद की मुबारकबाद एवं शुभकामनाएं दीं।
उनके साथ अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) बगीश कुमार शुक्ला, उप जिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज अश्वनी कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार तथा क्षेत्राधिकारी सदर रणधीर मिश्रा भी मौजूद रहे।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि बकरीद त्याग, समर्पण और आपसी भाईचारे का पर्व है। उन्होंने सभी जनपदवासियों से प्रेम, सौहार्द और शांति के साथ पर्व मनाने की अपील की।
वहीं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और सभी लोगों को आपसी सद्भाव बनाए रखना चाहिए।

अधिकारियों ने ईदगाह परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा लोगों से संवाद कर जनपद में अमन-चैन और भाईचारे की परंपरा को मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया। बकरीद पर्व को लेकर लोगों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।






