संवाददाता@विशाल टंडन…..

जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच बिजली की मांग लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। बढ़ती खपत के कारण विद्युत ट्रांसफार्मरों और उपकरणों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। इसी को देखते हुए बिजली विभाग सोनभद्र ने जनपदवासियों से बिजली की बचत करने और जिम्मेदारी के साथ बिजली उपयोग करने की अपील की है, ताकि बिना कटौती के निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखी जा सके।
बिजली विभाग द्वारा जारी अपील में कहा गया है कि इस समय जरूरत से ज्यादा बिजली उपयोग करने से ट्रांसफार्मरों के ओवरलोड होने और फाल्ट की संभावना बढ़ जाती है, जिससे कई क्षेत्रों में आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। विभाग ने लोगों से अनुरोध किया है कि घरों में बेवजह चल रहे बिजली उपकरणों को तुरंत बंद करें और आवश्यकता अनुसार ही बिजली का उपयोग करें। विभाग ने विशेष रूप से शाम 6 बजे से रात 11 बजे तक के समय को पीक ऑवर्स बताते हुए इस दौरान भारी बिजली खपत वाले उपकरणों के उपयोग से बचने की सलाह दी है।

विभाग के अनुसार इस समय बिजली की मांग सबसे अधिक रहती है, इसलिए वाटर पंप, वाशिंग मशीन, हीटर और अन्य अधिक बिजली खपत करने वाले उपकरणों को चलाने से ग्रिड पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। इसके अलावा लोगों से एसी के सीमित उपयोग की भी अपील की गई है। विभाग ने कहा कि जिन घरों में एक से अधिक एसी लगे हैं, वहां केवल जरूरत के अनुसार ही एसी चलाएं और उसका तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखें। इससे बिजली की खपत कम होगी, ट्रांसफार्मर सुरक्षित रहेंगे और उपभोक्ताओं के बिजली बिल में भी काफी बचत होगी।
बिजली विभाग ने कहा कि आमजन का छोटा सा सहयोग पूरे क्षेत्र को बिजली संकट से बचाने में अहम भूमिका निभा सकता है। विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की कि इस भीषण गर्मी में बिजली की बचत कर विद्युत व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि सभी क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।







