@जे0 के0……

Sonbhadra । समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से गाड़ी खींचकर विरोध जताया और सरकार पर आम जनता के शोषण का आरोप लगाया।
कार्यक्रम में सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार अहंकार की पराकाष्ठा पार कर चुकी है और देश-प्रदेश की जनता पर महंगाई का बोझ डाल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पूंजीपतियों के हित में कार्य कर रही है, जिससे आम जनता परेशान है।

वहीं सपा नगर अध्यक्ष सरदार पार ब्रह्म सिंह ने कहा कि सरकार गरीबी हटाने के बजाय गरीबों की संख्या बढ़ाने का काम कर रही है। छात्रसंघ नेता मुकेश यादव ने कहा कि पढ़े-लिखे युवा बेरोजगारी की कगार पर खड़े हैं तथा शिक्षा, दवा और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुएं लगातार महंगी होती जा रही हैं।
सपा नगर सचिव शौर्य त्रिपाठी एवं जुनैद अंसारी ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है। उन्होंने खाद्य पदार्थों सहित अन्य जरूरी सामानों की बढ़ती कीमतों पर भी चिंता व्यक्त की।
कार्यक्रम का संचालन नगर उपाध्यक्ष सुरेश अग्रहरि ने किया। इस दौरान नगर सचिव मनीष केडिया, विकास पटेल, राजपाल भारती, अनिल विश्वकर्मा, सरजू प्रसाद और गोपाल गुप्ता सहित कई सपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।