संवाददाता@विशाल टंडन…..

सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज स्थित मेन चौक पर मंगलवार को व्यापारी शहीद दिवस के अवसर पर इंडियन ट्रेनिंग सेंटर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल सोनभद्र के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने विभिन्न आंदोलनों में शहीद हुए व्यापारियों को श्रद्धासुमन अर्पित किया। जिला अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि व्यापार मंडल की स्थापना 24 दिसंबर 1973 को श्रद्धेय लाला विश्वभर दयाल एवं श्रद्धेय पंडित श्याम बिहारी मिश्रा द्वारा व्यापारियों को उत्पीड़न और शोषण से मुक्त कराने तथा उनके सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के उद्देश्य से की गई थी।
उन्होंने बताया कि सेल टैक्स विभाग की मनमानी के विरोध में अक्टूबर 1979 में लखनऊ में हुए आंदोलन के दौरान व्यापारी हरिश्चंद्र अग्रवाल पुलिस गोलीकांड में शहीद हो गए थे। वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष संदीप सिंह चंदेल एवं जिला महामंत्री राजेश बंसल ने कहा कि वर्ष 2003 तक व्यापार मंडल के विभिन्न आंदोलनों में 14 व्यापारी शहीद हुए, लेकिन व्यापारियों ने अपने स्वाभिमान से कभी समझौता नहीं किया।

जिला कोषाध्यक्ष अजीत जायसवाल और आनंद जायसवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल संबद्ध भारतीय उद्योग व्यापार मंडल देश का सबसे बड़ा व्यापारी संगठन है, जो लगातार व्यापारियों के हितों के लिए संघर्ष करता आ रहा है।
सभा में जिला उपाध्यक्ष प्रकाश केशरी, संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह नीतू, राजेश सोनी, श्यामलाल केशरी, रितु अग्रहरी, श्याम बाबू, दिनेश गुप्ता, आनंद गुप्ता, अजय केशरी, सुरेश केशरी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।