संवाददाता@कृपाशंकर पांडेय……

चोपन विकास खंड के ग्राम पंचायत अगोरी ख़ास के टोला बिजौरा में स्थित सामुदायिक शौचालय की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराज़गी देखने को मिल रही है। शौचालय परिसर में साफ़-सफ़ाई न होने, चारों तरफ घास-फूस उग आने तथा भवन के कई हिस्सों के टूट-फूट जाने की शिकायत को लेकर ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश सचिव प्रदीप यादव ने बताया कि सामुदायिक शौचालय लंबे समय से उपेक्षा का शिकार है। नियमित सफ़ाई नहीं होने के कारण वहां गंदगी फैली रहती है, तथा संक्रमण बढ़ने का ख़तरा भी बना रहता है, जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। शौचालय परिसर में घास जम जाने और भवन क्षतिग्रस्त होने से इसका उपयोग भी प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों ने पत्र के माध्यम से मांग की है कि जल्द से जल्द शौचालय की साफ़-सफ़ाई कराई जाए तथा टूटे हुए हिस्सों की मरम्मत कराकर लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जाए। ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

प्रदर्शन में मंगरू, सुदामा, ओमप्रकाश साहनी, भैरों कोल, पप्पू, पिंटू, रामगुल्ली, मुकेश, रिश्ता, श्रवण, सहेंद्र आदि उपस्थित रहें।