संवाददाता@संदीप अग्रहरी…….

म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का शुक्रवार को प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव गोंड ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में कई अनियमितताएं सामने आने पर उन्होंने नाराजगी जताई और व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने वार्ड में भर्ती मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।

इस दौरान मरीजों ने शिकायत की कि अस्पताल में पर्याप्त दवाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं और अधिकतर दवाएं बाहर से लिखी जा रही हैं। इस पर मंत्री ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए चिकित्सकों को मरीजों को अस्पताल से ही दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा मरीजों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य कर्मियों और सुरक्षा कर्मियों द्वारा मरीजों एवं ग्रामीणों के साथ दुर्व्यवहार किए जाने की शिकायत भी मंत्री से की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने सीएचसी अधीक्षक डॉ पीएन सिंह को फटकार लगाते हुए भविष्य में ऐसी शिकायतें न आने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि दोबारा इस प्रकार की शिकायत मिली तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड, गणेश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।