संवाददाता@संदीप अग्रहरी……

स्थानीय विकास खंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में हुए विकास कार्यों का शुक्रवार को प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव गोंड ने लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने जनहित में किए गए कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सबसे पहले मंत्री ने रनटोला ग्राम पंचायत में बने श्मशान स्थल के गेट का लोकार्पण किया। इसके बाद वह म्योरपुर ग्राम पंचायत के नवनिर्मित पंचायत भवन पहुंचे, जहां विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने पंचायत भवन में बने अतिथि कक्ष का निरीक्षण कर ग्राम पंचायत की आय बढ़ाने के लिए उसे किराए पर दिए जाने की योजना की जानकारी ली। इसके अलावा पंचायत भवन के विभिन्न कक्षों का भी निरीक्षण किया।

इसके बाद मंत्री ने ब्लॉक परिसर में बने अतिथि कक्ष का लोकार्पण किया। अतिथि कक्ष में बैठकर उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं। बाद में सभागार में आयोजित बाल विकास परियोजना के कार्यक्रम में शामिल हुए। अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद सरकार द्वारा किए गए सभी कार्य जनहित को ध्यान में रखकर किए गए हैं।
कार्यक्रम में जीत सिंह खरवार ने भी सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि एससी-एसटी समेत सभी वर्गों के लिए सरकार ने काम किया है। पूर्व विधायक हरिराम चेरो ने म्योरपुर विकास खंड में हुए कार्यों की प्रशंसा की।
ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड ने कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सभी का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन सहायक विकास अधिकारी पंचायत अजय सिंह ने किया।
इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य रामविचार गोंड, जनकधारी सिंह, गणेश जायसवाल, संगीता जायसवाल, सुधीर कुमार, रविन्द्र अग्रहरि, ब्रह्मदेव तिवारी, बसंतलाल, अरशद खान, राघवेंद्र सिंह, अमित रावत युवा समाजसेवी सुजीत अग्रहरि सहित तमाम लोग मौजूद रहे।