संवाददाता@उमेश सिंह……

अनपरा थाना क्षेत्र के रेणुसागर चौकी अंतर्गत लक्ष्मण नगर में एक ठगी की बड़ी वारदात सामने आई।दो अज्ञात युवकों ने केमिकल पाउडर से गहने साफ करने का झांसा देकर एक वृद्ध महिला के करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण ठग लिए और फरार हो गए। रेनुसागर चौकी क्षेत्र के वार्ड 13 लक्ष्मण नगर निवासी शीला देवी पत्नी स्व छोटे लाल ने तहरीर देकर बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे के दरम्यान दो अज्ञात युवक महिला के घर पहुंचे और खुद को आभूषण साफ करने वाला बताया।

बातचीत के दौरान उन्होंने महिला को केमिकल पाउडर से गहने चमकाने का तरीका बताया और सफाई के नाम पर सोने के जेवर अपने कब्जे में ले लिए।इसके बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए।कुछ देर बाद महिला को ठगी का एहसास हुआ तो उसने स्थानीय वार्ड सभासद समेत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल करते हुए आरोपियों की तलाश में जुट गई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद ठग गिरोह सक्रिय हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति पर भरोसा न करें और अपने कीमती सामान किसी को न सौंपें।