संवाददाता@वीरेंद्र यादव…..

एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा ग्रामीण बालिकाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से बालिका सशक्तीकरण अभियान (जेम)-2026 कार्यशाला का शुभारंभ बुधवार को स्थानीय सरस्वती सभागार में भव्य रूप से किया गया। एनटीपीसी सिंगरौली के सीएसआर विभाग द्वारा आयोजित यह एक माह का ग्रीष्मकालीन आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि परियोजना प्रमुख संदीप नायक, विशिष्ट अतिथि परियोजना प्रमुख एनटीपीसी रिहंद संजय असाटी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों एवं अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन और एनटीपीसी गीत के साथ किया। इस दौरान बालिकाओं के जन्मदिन के अवसर पर केक काटकर उत्सव भी मनाया गया।

मुख्य अतिथि संदीप नायक ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं और बालिकाओं का सशक्त होना विकसित समाज की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी सिंगरौली ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर सार्थक प्रयास कर रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि अभियान में शामिल सभी बालिकाओं की सुरक्षा और बेहतर वातावरण सुनिश्चित करना एनटीपीसी की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मानव संसाधन विभागाध्यक्ष सिद्धार्थ मंडल ने बालिकाओं को कार्यशाला का अधिकतम लाभ उठाने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शिक्षकों और समन्वयकों से बालिकाओं में साहस एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में चयनित बालिकाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और अपने अनुभव साझा करते हुए एनटीपीसी के इस प्रयास की सराहना की। सेंट जोसेफ, विवेकानंद, डॉ. अंबेडकर विद्यालय एवं वनिता समाज की ओर से रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। साथ ही कक्षा 10 एवं 12 की उत्कृष्ट छात्राओं को सम्मानित किया गया।
ज्ञात हो कि इस अभियान के तहत आसपास के गांवों की 120 बालिकाओं को व्यक्तित्व विकास, आत्मरक्षा, खेल, कला-कौशल, शिक्षा एवं चिकित्सा जैसी सुविधाओं के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।