संवाददाता@मोहम्मद इब्राहिम……

दुद्धी क्षेत्र के भट्टी मोड़ के पास शुक्रवार को सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि मिथिलेश पुत्र श्याम बिहारी एवं विकास पुत्र बासदेव, दोनों निवासी सागो बांध, बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान भट्टी मोड़ पर अचानक सामने से आ रही एक बाइक से जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे के बाद दूसरी बाइक चालक मौके से फरार हो गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से एक टेंपो चालक ने मानवता दिखाते हुए दोनों घायलों को आनन-फानन में दुद्धी सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉ. मनोहर ने प्राथमिक उपचार किया। घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल बना हुआ है।