संवाददाता@उमेश सिंह…..
— बहुभोज का सामान लेने जाते समय तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आई बाइक, शादी की खुशियां मातम में बदली

अनपरा थाना क्षेत्र के सोनवानी में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में साले की शादी में आए दामाद की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल हो गया।मिली जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के नौगढ़ निवासी सिकंदर सिंह अपने ससुराल सोनवानी में आयोजित साले की शादी समारोह में शामिल होने आए थे।
गुरुवार को घर में बहुभोज कार्यक्रम आयोजित था,जिसके लिए सिकंदर सिंह गांव के ही दो अन्य लोगों के साथ बाइक से डिबुलगंज बाजार सामान लेने जा रहे थे।बताया जा रहा है कि सोनवानी स्थित ईंट भट्ठा के समीप तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए नगर में स्थित संयुक्त चिकित्सालय डिबुलगंज पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।जिला अस्पताल में उपचार के दौरान सिकंदर सिंह की मौत हो गई।वहीं अन्य दो घायलों का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रीतिभोज समारोह की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है।पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।