संवाददाता@अमिताभ मिश्रा…..

पिपरी थाना क्षेत्र के तुर्रा बाजार निवासी ओमप्रकाश (60 वर्ष ) का शव गुरुवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में वीआईपी कॉलोनी स्थित डिवीजन ऑफिस के पास सीढ़ियों पर पड़ा मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पिपरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ओमप्रकाश निजी तौर पर लाइनमैन का कार्य करते थे। मृतक के पुत्र दीपक कुमार ने बताया कि बुधवार शाम करीब 5:30 बजे तेज आंधी-तूफान के कारण बाधित हुई बिजली आपूर्ति को बहाल करने के लिए किसी हाइडिल कर्मचारी का फोन आया था, जिसके बाद उनके पिता काम पर निकल गए थे।
परिजनों के अनुसार देर रात तक घर वापस न लौटने पर करीब 11 बजे उन्हें फोन किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

घर वालों को लगा कि वह किसी कार्यस्थल पर ही रुक गए होंगे, क्योंकि वह पहले भी कई बार रात में काम के दौरान रुक जाया करते थे। गुरुवार सुबह सीआईएसएफ कर्मियों एवं मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने वीआईपी कॉलोनी स्थित डिवीजन ऑफिस के पास सीढ़ियों पर ओमप्रकाश को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद पिपरी थाना पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हिंडालको अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया तथा पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र दीपक कुमार ने आरोप लगाया कि उनके पिता की सेवा अवधि पूरी हो जाने के बावजूद उनसे लगातार कार्य कराया जाता था।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों ने उन्हें काम के लिए बुलाया था, वे उन्हें वहां छोड़कर चले गए। यदि समय रहते रात में ही सूचना मिल जाती तो संभवतः उनकी जान बचाई जा सकती थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।