@जे0 के0…..

Sonbhadra । अंबिकापुर मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल पीआरबी जवान नीरज कुमार यादव (32) की वाराणसी के ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। बुधवार तड़के उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।यह दुर्घटना मंगलवार शाम दरनखांड़ मोड़ के पास हुई।
जवान नीरज कुमार यादव अपने साथी भीम सिंह के साथ दरनखांड़ गांव से प्राप्त एक सूचना पर कार्रवाई के लिए जा रहे थे।जब वे मोड़ पर कॉलर के बारे में पूछताछ कर रहे थे, तभी रेणुकूट से अंबिकापुर की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार टैंकर ने उन्हें टक्कर मार दी।इस हादसे में नीरज समेत तीन लोग घायल हुए थे, जिनमें नीरज और सौरभ की स्थिति बेहद नाजुक थी।
दुर्घटना के तुरंत बाद नीरज को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। बुधवार तड़के अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली।मृतक जवान नीरज कुमार यादव मूल रूप से प्रतापगढ़ जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के नरसिंह गढ़ के निवासी थे। उनके निधन के बाद परिजनों को सूचित कर दिया गया है।