संवाददाता@वीरेंद्र सिंह…..
— बिना हेलमेट प्रवेश रोकने पर हुआ विवाद, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

एनटीपीसी सिंगरौली परियोजना के आवासीय परिसर स्थित विद्युत विहार कॉलोनी के ऊर्जा नायक द्वार पर तैनात एक सीआईएसएफ जवान के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सीआईएसएफ जवान चमन लाल विद्युत विहार कॉलोनी के प्रवेश द्वार पर ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान दो युवक मोटरसाइकिल संख्या UP 64 AX 7638 से बिना हेलमेट पहुंचे और परिसर के अंदर प्रवेश करने का प्रयास करने लगे। ड्यूटी पर तैनात जवान ने सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए उन्हें बिना हेलमेट अंदर जाने से रोक दिया।
बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर जवान और युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों युवकों ने कथित रूप से जवान का डंडा छीन लिया और उसके साथ मारपीट करने लगे। इसी बीच आसपास लोगों की आवाजाही बढ़ने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना सीआईएसएफ जवान द्वारा स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही, गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।
गौरतलब है कि परियोजना के आवासीय परिसर में सुरक्षा कारणों से बिना हेलमेट प्रवेश प्रतिबंधित है। इस नियम को लेकर पहले भी कई बार बहस की स्थिति बन चुकी है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।