संवाददाता@विशाल टंडन……

उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सोनभद्र जनपद के युवाओं और कारीगरों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण अवसर घोषित किया है। 15 दिवसीय माटीकला शिल्पकारी प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत 20 लाभार्थियों का चयन किया जाएगा, जिन्हें प्रयागराज स्थित मण्डलीय ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केन्द्र, अनवां में निःशुल्क एवं आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
इसकी जानकारी देते हुए जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी गौतम त्रिपाठी ने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पारंपरिक कुम्हारी कला को बढ़ावा देना और इसे रोजगार से जोड़कर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। चयनित प्रतिभागियों को प्रशिक्षण अवधि के दौरान ₹250 प्रतिदिन का स्टाइपेंड भी दिया जाएगा।
इच्छुक अभ्यर्थी, जिनकी आयु 18 से 50 वर्ष के बीच है, वे 30 मई 2026 तक यूपी माटीकला बोर्ड की वेबसाइट www.upmatikalaboard.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।आवेदन के समय फोटो, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, शैक्षिक योग्यता, राशन कार्ड और बैंक पासबुक की प्रति अपलोड करनी होगी।
ऑनलाइन आवेदन के बाद सभी दस्तावेजों की हार्ड कॉपी जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, रॉबर्ट्सगंज में जमा करना अनिवार्य होगा। यह योजना ग्रामीण युवाओं और कारीगरों के लिए रोजगार और पारंपरिक कला को नई पहचान देने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।