संवाददाता@संदीप अग्रहरी……

म्योरपुर थाना क्षेत्र के स्थानीय कस्बे में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में छत पर काम कर रहे युवक की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अशरफ (24 वर्ष), पुत्र नसीम, निवासी म्योरपुर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, म्योरपुर के लिलासी मोड़ स्थित एक मकान की छत पर अशरफ काम कर रहा था। इसी दौरान मकान के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलसकर अचेत हो गया।
घटना के बाद मकान मालिक उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धि भेज दिया। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
