@जे0 के0…….

Sonbhadra । जिले के लोढ़ी स्थित मेडिकल कॉलेज में कई घंटों तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से मरीजों और स्टाफ को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए नवागत जिलाधिकारी चर्चित गौड़ स्वयं मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज के A, B और C ब्लॉक के साथ-साथ ऑक्सीजन प्लांट का पैदल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बिजली व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
डीएम ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिस फीडर से मेडिकल कॉलेज को आपूर्ति मिलती है, उसे तत्काल दुरुस्त किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि जल्द ही बिजली व्यवस्था पूरी तरह बहाल कर दी जाएगी। साथ ही नए फीडर का कार्य आगामी रविवार तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा कनेक्शन सुधारकर निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने मेडिकल कॉलेज में साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।