@जे0 के0…….

Sonbhadra । जिला कांग्रेस कमेटी, सोनभद्र ने जनपद की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड के नेतृत्व में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अब लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो पार्टी सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगी।
प्रमुख मुद्दे उठाए गए:
उम्भा में बिजली समस्या: 2019 की घटना के बाद भी गांव में खुले बिजली के तार हादसे का खतरा बने हुए हैं। अधूरे विद्युतीकरण कार्य पर सवाल उठाए गए।
स्मार्ट मीटर मामला: उपभोक्ताओं से कथित अवैध वसूली और तकनीकी गड़बड़ियों की जांच की मांग की गई।
अवैध खनन व बेरोजगारी: अवैध खनन पर रोक और स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की बात कही गई।
आदिवासी अधिकार: वनाधिकार कानून के तहत आदिवासियों की जमीन और अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रशासन ने यदि इन मुद्दों पर गंभीरता नहीं दिखाई, तो कांग्रेस बड़ा जन-आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस दौरान पूर्व शहर अध्यक्ष राजीव त्रिपाठी, आरटीआई जिलाध्यक्ष श्रीकांत मिश्रा, जिला सचिव शीतला पटेल व इसरार अहमद समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे