@जे0 के0…….

Sonbhadra । रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के पुसौली इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बारात में शामिल एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बरातियों में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि बारात के दौरान 65 वर्षीय करतार सिंह अग्रहरि बरातियों के साथ चाय पीने के लिए सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक करतार सिंह अग्रहरि दुद्धी थाना क्षेत्र के झरोकला गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने हादसे में शामिल वाहन को कब्जे में ले लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, इस घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
