@जे0 के0/कृपा शंकर पांडेय……

Sonbhadra । जुगैल थाना क्षेत्र के कुडारी गांव में एक आदिवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। सड़क किनारे युवक का शव मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान 26 वर्षीय बल्लू कोल के रूप में हुई है। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे धारदार हथियार से वार किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल के पास स्थित झोपड़ी के आसपास खून के निशान भी मिले हैं, जो मामले को और संदिग्ध बना रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पीआरबी 112 और जुगैल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी (सीओ) सहित स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
परिजनों ने किसी प्रकार की रंजिश से इनकार किया है, वहीं पुलिस हर एंगल से मामले की गहन जांच में जुटी है। संभावित आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।