संवाददाता@उमेश सिंह……
— थाने से महज 50 मीटर दूरी पर हुआ हादसा, प्रत्यक्षदर्शियों ने लगाया नशे में होने का आरोप

अनपरा थाना क्षेत्र के औड़ी मोड़ के पास एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया है,जहां अनियंत्रित डायल 112 पुलिस वाहन ने एक बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार घायल व्यक्ति की पहचान चंदन दास के रूप में हुई है,जो डीटीपीएस परियोजना में कार्यदायी संस्था फोनिक्स कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर कार्यरत बताए जा रहे हैं।बताया जा रहा है कि वह किसी कार्य से बाइक पर सवार होकर औड़ी मोड़ गए थे, तभी डिबुलगंज की ओर से तेज रफ्तार में आ रही डायल 112 स्कॉर्पियो वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनका पैर टूट गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय डायल 112 वाहन में सवार पुलिसकर्मी नशे की हालत में थे, हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।हैरानी की बात यह रही कि घटना थाना परिसर से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई,इसके बावजूद घायल व्यक्ति काफी देर तक मौके पर तड़पता रहा और समय पर पुलिस नहीं पहुंची।
वहीं, एक अन्य बाइक सवार ने कूदकर अपनी जान बचाई।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई का इंतजार है।