संवाददाता@संदीप अग्रहरी….

म्योरपुर क्षेत्र के मून स्टार इंग्लिश स्कूल (सीबीएसई मान्यता प्राप्त) में सोमवार को कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम के उपलक्ष्य में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और गुरु वंदना के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त एवं एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार उपस्थित रहे, जिनकी मौजूदगी ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
समारोह में विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। दीपक राज ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय टॉपर का स्थान हासिल किया। इसके अलावा किरण सोनी (92%), चांदनी कुमारी (91%) और अल्तीफा रियाज (91%) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले पीयूष कुमार, मुस्कान, रिदा फातिमा सिद्दीकी, तान्या जायसवाल और श्रेया कुमारी सहित अन्य छात्रों को भी प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर सभी मेधावी छात्रों के अभिभावकों का भी अभिनंदन किया गया। मुख्य अतिथि जीत सिंह खरवार ने अपने संबोधन में छात्रों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता शिक्षकों और अभिभावकों के संयुक्त प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अति-पिछड़े क्षेत्र में सीबीएसई विद्यालय का संचालन होना गर्व की बात है और यहां के विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत से इसे सार्थक साबित किया है। उन्होंने छात्रों को निरंतर आगे बढ़ने और ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपा मिश्रा ने छात्रों के सर्वांगीण विकास में अभिभावकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया और सभी को इस सफलता के लिए बधाई दी। उप-प्रधानाचार्या प्रियंका सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें आगे बेहतर करने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में अभिभावकों ने विद्यालय की सराहना करते हुए खुशी जताई। अंत में मिठाई वितरण के साथ समारोह का समापन हुआ और सभी ने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, अभिभावक और गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।