संवाददाता@विशाल टंडन…….
— सुबह से ही बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए लगी श्रद्धालुओं की कतारें, पूजा सामग्री की दुकानों पर भी रही भारी भीड़

सावन के पहले सोमवार को रॉबर्ट्सगंज नगर पूरी तरह शिवमय नजर आया। सुबह मंगला आरती के साथ ही नगर के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने “हर-हर महादेव” और “बाबा भोलेनाथ की जय” के जयघोष के बीच भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।

नगर के वीरेश्वर महादेव मंदिर, सोमनाथ मंदिर, बरैला महादेव मंदिर, गौरीशंकर महादेव मंदिर, दंडइत बाबा मंदिर सहित अन्य शिवालयों में सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं।

गंगाजल, दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरा, पुष्प और फल अर्पित कर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना की।मंदिरों के बाहर भी सावन का उत्साह साफ दिखाई दिया। पूजा सामग्री की दुकानों पर बेलपत्र, नारियल, धूप-दीप, अगरबत्ती, फूल-माला, रुद्राक्ष, कलावा, भांग और धतूरा खरीदने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही।
दुकानदारों ने बताया कि सावन के पहले सोमवार को बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी हुई और पूरे सावन माह तक इसी तरह कारोबार रहने की उम्मीद है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए मंदिर परिसरों के आसपास पुलिस बल तैनात रहा।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ ही मंदिरों में साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया। पूरे नगर का माहौल भक्तिमय बना रहा और दिनभर शिवभक्ति में श्रद्धालु सराबोर दिखाई दिए।






