संवाददाता@विशाल टंडन……

इनर व्हील क्लब ऑफ रॉबर्ट्सगंज ‘आर्या’ की ओर से रविवार को जिला चिकित्सालय, रॉबर्ट्सगंज में स्वैच्छिक रक्तदान अभियान आयोजित किया गया। मानव सेवा और सामाजिक सरोकार को समर्पित इस अभियान में क्लब की अध्यक्ष रितु अग्रवाल, उपाध्यक्ष पूजा अग्रहरी, पूर्वाध्यक्ष वंदना वर्मा तथा आईएसओ कीर्ति दुबे ने स्वयं रक्तदान कर समाज को प्रेरक संदेश दिया।

उनके साथ नगर के अन्य जागरूक नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान कर इस पुनीत कार्य में सहभागिता निभाई।अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के साथ-साथ लोगों को नियमित रक्तदान के लिए जागरूक करना रहा।

रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है, जिससे किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। क्लब अध्यक्ष रितु अग्रवाल ने कहा, “रक्तदान केवल रक्त की कुछ बूंदें देना नहीं, बल्कि किसी अनजान व्यक्ति को जीवन की नई आशा देना है। आइए, हम सभी नियमित रक्तदान कर मानवता की इस सबसे बड़ी सेवा में सहभागी बनें, क्योंकि आपका आज का रक्तदान किसी का आने वाला कल बचा सकता है।”

उपाध्यक्ष पूजा अग्रहरी ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा सामाजिक दायित्व है, जिसे हर स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर निभाना चाहिए। इससे न केवल जरूरतमंदों की जान बचाई जा सकती है, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना भी मजबूत होती है। इनर व्हील क्लब ऑफ रॉबर्ट्सगंज ‘आर्या’ समय-समय पर स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याण से जुड़े सामाजिक कार्यों का आयोजन करता रहा है।
रक्तदान अभियान भी क्लब की सेवा भावना और सामाजिक प्रतिबद्धता का एक सराहनीय उदाहरण रहा, जिसकी उपस्थित लोगों ने मुक्तकंठ से सराहना की।





