संवाददाता/@कृपा शंकर पांडेय……

कस्बे में एक अज्ञात महिला की मौत का मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में हलचल मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 5 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन से पुलिस को सूचना मिली कि एक अज्ञात महिला अस्पताल में मृत अवस्था में पड़ी है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक राम ज्ञान सिंह यादव मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि उक्त महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और चोपन कस्बे में इधर-उधर घूमकर अपना जीवन यापन कर रही थी। बताया जा रहा है कि सोन नदी पुलिया के पास अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन में भर्ती कराया गया।
हालांकि, इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। पुलिस ने आसपास के लोगों को बुलाकर महिला की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस द्वारा महिला की फोटो विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से प्रसारित कर पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।
साथ ही मीडिया के माध्यम से भी लोगों से अपील की गई है कि यदि कोई महिला की पहचान कर सके तो पुलिस को सूचित करे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोढ़ी स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। फिलहाल मामले में किसी प्रकार की संदिग्ध स्थिति सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि महिला की पहचान होते ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि ऐसी परिस्थितियों में सूचना देकर प्रशासन की मदद करें, ताकि मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके।