रेणुकूट/सोनभद्र.@अमिताभ मिश्रा…

क्षेत्र के खाड़पाथर स्थित बाबूराम सिंह महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्रों के लिए मंगलवार का दिन राहत भरा रहा। लंबे समय से प्रवेश पत्र को लेकर चल रही असमंजस की स्थिति आखिरकार समाप्त हो गई और महाविद्यालय प्रशासन द्वारा सभी छात्रों को उनके प्रवेश पत्र वितरित कर दिए गएl
महाविद्यालय की प्राचार्या जाली अंबस्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि वह सोमवार की शाम स्वयं विश्वविद्यालय गई थीं, जहां से छात्रों के प्रवेश पत्र जारी कराए गए। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय स्तर पर प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार को महाविद्यालय पहुंचते ही सभी छात्रों को उनका प्रवेश पत्र उपलब्ध करा दिया गया। प्रवेश पत्र मिलने के बाद छात्रों में खुशी का माहौल देखने को मिला और उन्होंने राहत की सांस ली।
हालांकि, इस सकारात्मक पहलू के बीच महाविद्यालय में हाल ही में हुई ताला तोड़ने की घटना को लेकर अब भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। गौरतलब है कि सोमवार को इस मामले में क्षेत्राधिकारी (सीओ) पिपरी द्वारा पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद पिपरी पुलिस अब तक इस घटना में कोई मुकदमा दर्ज नहीं कर सकी है।
स्थानीय लोगों और छात्रों में इस बात को लेकर नाराजगी देखी जा रही है कि स्पष्ट निर्देश मिलने के बाद भी पुलिस द्वारा कार्रवाई में देरी क्यों की जा रही है। लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं पर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।
वहीं, महाविद्यालय प्रशासन ने भी मामले की निष्पक्ष जांच और जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है, ताकि संस्थान में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके और छात्रों का भरोसा कायम रह सके।