@जेo केo/सोनभद्र….

Sonbhadra । थाना रामपुर बरकोनिया क्षेत्र अंतर्गत विजयगढ़ किला के जंगल में रास्ता भटक जाने वाले 10 श्रद्धालुओं को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सकुशल बरामद कर लिया। सभी श्रद्धालु वाराणसी व मिर्जापुर से मजार पर दर्शन करने पहुंचे थे।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी सदर श्री राज सोनकर के पर्यवेक्षण में दिनांक 13 अप्रैल 2026 की रात्रि करीब 08:20 बजे पीआरवी को सूचना मिली कि श्रद्धालु किले के पीछे जंगल के रास्ते में भटक गए हैं।
सूचना मिलते ही थाना रामपुर बरकोनिया पुलिस व पीआरवी 8507 की टीम ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कॉलर का मोबाइल स्विच ऑफ होने के कारण पुलिस टीम को घने जंगल में टॉर्च, सीटी और लाउड हेलर के सहारे खोजबीन करनी पड़ी। करीब 6 से 8 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद पुलिस ने सभी 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बरामद किए गए लोगों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल थे। सभी के सकुशल मिलने पर परिजनों ने सोनभद्र पुलिस का आभार व्यक्त किया। नेहाल अख्तर, हनीफ, शाहीद, फैज, समीर, सानिया, मेहकन निशा, नसीमा खातून, राबीया बेगम व रुकसार को सकुशल बरामद कर लिया गया।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक विनोद यादव, उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह सहित थाना रामपुर बरकोनिया पुलिस व पीआरवी 8507 की टीम के अन्य पुलिसकर्मी।
पुलिस की अपील : सोनभद्र पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जंगल या अपरिचित स्थानों पर जाते समय स्थानीय मार्गदर्शन अवश्य लें और समूह से अलग न हों, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।