संवाददाता@संदीप अग्रहरी…….
— गोंड ने 31 लाभार्थियों को सौंपी आवास की चाबी, 42 परिवारों को दिया स्वीकृति पत्र

मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत शुक्रवार को विकासखंड परिसर म्योरपुर में आयोजित कार्यक्रम गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए यादगार बन गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड ने 31 लाभार्थियों को नवनिर्मित आवासों की चाबी सौंपकर उनके अपने घर के सपने को साकार किया, वहीं 42 पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। चाबी और स्वीकृति पत्र मिलते ही लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास योजना प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी योजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहेगा।

खंड विकास अधिकारी राम विशाल चौरसिया ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने लाभार्थियों को नए आवास की शुभकामनाएं देते हुए उसका बेहतर रखरखाव करने और शासन की अन्य जनहितकारी योजनाओं का भी लाभ लेने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में एडीओ पंचायत अजय सिंह, बड़े बाबू प्रमोद चौबे, सूरज कुमार, काशी नाथ यादव सहित विकासखंड के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह का माहौल रहा और लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत अपने सपनों का घर मिलने पर खुशी व्यक्त करते हुए सरकार और विकासखंड प्रशासन का आभार जताया।





