मुख्यालय/सोनभद्र.@विशाल टंडन…..

सदर विकास खंड के जैत गांव स्थित अंबेडकर पार्क में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती की पूर्व संध्या पर सोमवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने सामूहिक श्रमदान कर पार्क परिसर एवं अंबेडकर प्रतिमा की साफ-सफाई की और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम का नेतृत्व किसान मोर्चा के महामंत्री नारसिंह पटेल ने किया। श्रमदान के बाद आयोजित सभा में वक्ताओं ने बाबा साहब के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय लोकतंत्र को मजबूत आधार देने वाला संविधान तैयार किया, जिससे देश के हर नागरिक को समान अधिकार, स्वतंत्रता और न्याय मिला। भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश दुबे ने कहा कि बाबा साहब ने एक ऐसे भारत की नींव रखी, जहां सभी को बराबरी का अधिकार मिले।
उन्होंने कहा कि आज जरूरत है उनके सिद्धांतों को व्यवहार में उतारने की। पूर्व जिला मंत्री सुरेश शुक्ला ने बाबा साहब के सामाजिक न्याय के संघर्ष को आज भी प्रासंगिक बताते हुए उनके विचारों पर चलने का आह्वान किया।किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष यादवेंद्र दत्त द्विवेदी ने कहा कि बाबा साहब ने समाज को संगठित कर नई दिशा दी। वहीं महामंत्री नारसिंह पटेल ने कहा कि बाबा साहब केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं, जिन्होंने समाज के कमजोर वर्गों को आत्मसम्मान के साथ जीने का अधिकार दिलाया।
जिला कार्यसमिति सदस्य अनूप तिवारी ने ऐसे आयोजनों को समाज को जोड़ने वाला बताया, जबकि जिला मंत्री अभय दुबे ने समरस समाज की स्थापना के लिए बाबा साहब के मार्ग पर चलने की आवश्यकता पर बल दिया। पूर्व जिला मंत्री सुनील सिंह ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे बड़ा माध्यम बताया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और युवाओं की सहभागिता रही। अंत में मिष्ठान वितरण किया गया और सभी ने बाबा साहब के आदर्शों पर चलने तथा समतामूलक समाज के निर्माण का संकल्प लिया।