विंढमगंज/सोनभद्र.@आनंद गुप्ता…..

विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली गांव में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पीड़ितों के अनुसार, राजेश कनौजिया की मोबाइल दुकान, रामबली कनौजिया की पान दुकान तथा बंसीधर गुप्ता की किराना दुकान में चोरी की गई। चोर दुकानों से महंगे मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक सामान, किराना सामग्री के साथ करीब 30 हजार रुपये नगद भी ले उड़े।
घटना का एक अहम पहलू यह है कि चोरी की पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में चोर का चेहरा साफ दिखाई दे रहा है, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिव कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। उन्होंने आसपास के लोगों से सीसीटीवी में दिख रहे संदिग्ध व्यक्ति के बारे में पूछताछ भी की।

ग्रामीणों ने पुलिस के सामने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त की कमी के कारण चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने मांग की कि पुलिस नियमित रूप से रात में गश्त करे, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही चोर की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।