@जेo केo/सोनभद्र…….

Sonbhadra । घोरावल कोतवाली क्षेत्र के कुंडा गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खलिहान में मिला। मृतक की पहचान राम नरेश बैसवार (43) पुत्र स्वर्गीय लाले, निवासी बर-कन्हरा के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि राम नरेश बीती रात से घर से लापता थे। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक खलिहान में उनका शव पड़ा मिला, जिसकी सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मौजूद थे, जिससे घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। सूचना पर क्षेत्राधिकारी (सीओ), कोतवाली प्रभारी निरीक्षक व फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
उधर, घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी, पुत्र व पुत्री समेत अन्य परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध माना जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
