@जेo केo/सोनभद्र……

Sonbhadra । जनपद में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में एसओजी और थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
शनिवार को गश्त और संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग के दौरान बभनौली चौराहे के पास एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर हिन्दुआरी पुल के पास उसे करीब 2:11 बजे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान अभियुक्त की पहचान सूर्य प्रताप सिंह उर्फ सूरज सिंह (28 वर्ष), निवासी रैपुरिया, थाना चुनार, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई। उसके कब्जे से 101.76 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हेरोइन को खरीदकर बिक्री के लिए ले जा रहा था। बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ मु0अ0सं0 263/2026, धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना रॉबर्ट्सगंज में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
इसके अलावा, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल UP63AQ8477 को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।