म्योरपुर/सोनभद्र.@संदीप अग्रहरी……

स्थानीय थाना क्षेत्र के किरबिल और देवरी गांव के बीच बीते दिनों हुए युवक की मौत के मामले में पुलिस में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के पिता बीजपुर थाना क्षेत्र के जरहा निवासी आत्माराम ने अपने पुत्र बृजराज की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी।
आरोप है कि उनका पुत्र बृजराज 24 फरवरी को अपने दोस्तों संतोष निवासी परसाटोला और कुलदीप निवासी पोखरा, थाना बभनी के साथ कपड़ा खरीदने के लिए घर से निकला था। अगले दिन 25 फरवरी को म्योरपुर थाना से सूचना मिली कि किरबिल-देवरी मार्ग के बीच पुलिया पर उसके बेटे का एक्सीडेंट हो गया है। परिजनों का आरोप है कि जब वह अस्पताल पहुंचे तो बृजराज की मृत्यु हो चुकी थी। पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के मोबाइल की कॉल रिकॉर्डिंग, कॉल डिटेल, फोन पे लेनदेन और कॉल लॉग डिलीट होना संदिग्ध मानते हुए परिजनों ने मामला सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या मानते हुए तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।