म्योरपुर/सोनभद्र.@संदीप अग्रहरी…….

क्षेत्र में ईद-उल-फितर का पावन पर्व परंपरागत उत्साह और आपसी सद्भाव के साथ मनाया गया। कांचन, किरबिल और किरवानी में स्थित मस्जिदों व ईदगाहों में मुस्लिम समाज के लोगों ने पूरी अकीदत के साथ ईद की नमाज़ अदा की।
नमाज़ के दौरान मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और सभी वर्गों के बीच भाईचारा व एकता कायम रहने की दुआएं मांगी गईं। सुबह होते ही मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास रौनक बढ़ गई। सफेद परिधानों में सजे लोग कतारबद्ध होकर नमाज़ के लिए पहुंचे, जहां इमाम ने नमाज़ अदा कराई और इंसानियत, मोहब्बत तथा आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
नमाज़ के बाद “ईद मुबारक” की गूंज के साथ लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर शुभकामनाएं दीं। यह दृश्य क्षेत्र की सामाजिक समरसता और एकता का जीवंत उदाहरण बन गया।
ईद के इस खास मौके पर घर-घर में मीठी सेवईं, खीर और तरह-तरह के पकवान बनाए गए। लोगों ने अपने रिश्तेदारों, पड़ोसियों और मित्रों के घर जाकर सेवईं खिलाईं और बधाइयां दीं। बच्चों में ईद को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला, जो नए कपड़े पहनकर और ईदी पाकर बेहद खुश नजर आए।
त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। नवागत थाना अध्यक्ष रविकांत मिश्रा अपने हमराहियों के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहे और हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए रखी।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इस मौके पर सदर अयूब अली इरशाद खान इरफान खान ,सलिम अली, अनवर अली, मुस्तफा, रियाज आलम, मुमताज, वकील अहमद नसीम, अहमद रजा , टावर अब्बास, सहित तमाम मुस्लिम बंधु मौजूद रहे।